Sagar - चाकू से हमला करने वाले आरोपियों ने ऑनलाइन खरीदा था हथियार, दो और होने वाले थे डिलीवर
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र के गुलाब बाबा मंदिर के पास शराब के पैसे न देने पर चार आरोपियों ने घनश्याम राय पर चाकू से जानलेवा हमला किया था पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने हमले में इस्तेमाल किया चाकू कुछ दिन पहले ही ऑनलाइन ऑर्डर किया था। इतना ही नहीं आरोपियों ने दो और धारदार चाकू ऑनलाइन साइट से ऑर्डर किए थे, जो जल्द ही डिलीवर होने वाले थे
अधिकांश कटरबाजी और चाकूबाजी की घटनाओं में ऑनलाइन हथियारों की आसानी से उपलब्धता अब स्थानीय प्रशासन के लिए नई चुनौती बन गई है। शहर में इन दिनों अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। गलियों और बाजारों में छोटे-मोटे विवाद अब खूनी खेल बन जाते हैं और इसका मुख्य हथियार है चाकू। इन वारदातों में में इस्तेमाल होने वाले ज्यादातर चाकू ऑनलाइन ई-कॉमर्स साइट्स से सस्ते दामों पर खरीदे गए हैं। पहले अपराधी लोकल दुकानों से इन्हें जुटाने में परेशान होते थे, वहीं अब ये हथियार कम दाम में घर पहुंच रहे हैं।
चाकू या कटर जैसी चीजें स्टेशनरी या हार्डवेयर दुकानों पर आसानी से नहीं मिलते, दुकानदार सख्ती बरतते हैं। अपराधी इधर-उधर से जुगाड़ करने को मजबूर रहते थे। बाजार में ये 500-600 रुपए के होते, जो अपराधियों के लिए महंगे पड़ते, लेकिन अब वेबसाइट्स पर ऑफर्स के नाम पर 200-300 रुपए में चाकू, छुरी या कटर उपलब्ध हैं। ये हथियार जेब में आ जाते हैं, झगडे में इन्हें निकाल लेते हैं और फिर खून बहने लगता है। इस सुलभता ने अपराधों को नई रफ्तार दी है।