तेज आंधी-बारिश से मिली राहत, गर्मी के तेवर पड़े ठंडे, बदला मौसम का मिजाज!
भीषण गर्मी से जूझ रहे एमपी के इंदौरवासियों के लिए सोमवार राहत भरा दिन साबित हुआ। दोपहर तक तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को अचानक बदले मौसम ने बड़ी राहत दी। आसमान में घने बादल छा गए, तेज हवाएं चलने लगीं और शहर के कई इलाकों में रिमझिम बारिश शुरू हो गई। मौसम के इस बदलाव ने न केवल तापमान में गिरावट लाई, बल्कि लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से भी राहत पहुंचाई। इंदौर के कनाड़िया क्षेत्र में तेज हवाओं के चलते बवंडर जैसा नजारा भी देखने को मिला। धूल का गुबार आसमान में उठता दिखाई दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
इस बार नौतपा के अंतिम दिनों में गर्मी के तेवर काफी नरम रहे। मई के आखिरी दिन यानी 31 मई को इंदौर का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। खास बात यह है कि यह पूरे मई महीने का सबसे कम अधिकतम तापमान रहा। हालांकि दिनभर उमस का असर बना रहा, लेकिन तेज धूप और लू जैसी स्थिति नहीं बनी।
अगर पूरे मई महीने की बात करें तो 20 दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। 18 मई को पारा 44.3 डिग्री तक पहुंच गया था, लेकिन महीने के आखिरी सप्ताह में मौसम ने करवट ली और तापमान लगातार नीचे आने लगा। मौसम विभाग के अनुसार जून महीने में आमतौर पर मानसून पूर्व गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिलती है। पिछले वर्षों के आंकड़े भी बताते हैं कि जून में आंधी, बादल और बारिश का सिलसिला शुरू हो जाता है। पिछले साल जून में इंदौर में साढ़े पांच इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी आंधी और बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश लोगों को भीषण गर्मी से राहत देती रहेंगी। फिलहाल इंदौर में बदले मौसम ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान जरूर लौटा दी है।