सड़क निर्माण करने वाली कंपनी के हाईवा के नीचे आया व्यक्ति नहीं बच सका,मौके पर तोड़ा दम
सड़क निर्माण करने वाली कम्पनी के हाईवा की टक्कर से एक मजदूर की दुखद जान जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है की वाहन को रिवर्स किया जा रहा था। इसी दौरान एक मजदूर चपेट में आ जाने से बुरी तरह कुचल गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र से सामने आई है।
बताया जा रहा है की नंदरई-चौपड़ा सड़क मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य के दौरान यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान जागेश्वर कुर्मी निवासी बमौरी गरय, जिला सागर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक जागेश्वर कुर्मी पिछले करीब पांच सालों से ठेकेदार मानक पटेल की कंपनी में काम कर रहा था। और सड़क निर्माण कार्य में रोलर चालक था। घटना के समय वे निर्माण स्थल पर डामर के ड्रम में पानी भर रहे थे। इसी दौरान कंपनी का हाइवा वाहन पीछे किया जा रहा था। इसी दौरान चालक ने संभवतः मजदूर को नहीं देखा और हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे जागेश्वर कुर्मी वाहन के नीचे आ गए और बुरी तरह कुचलने से मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई राजेंद्र कुर्मी ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सुबह करीब 10:30 बजे फोन पर सूचना मिली थी की उनके भाई की ट्रक की टक्कर से जान चली गई है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बॉडी को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पथरिया थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी ने बताया कि हाइवा वाहन को पीछे करते समय मजदूर की जान जाने का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।-