Sagar- गाय को बचाने में पेड़ से टकराई कार, देखते ही देखते लगी भीषण आग, बची यात्रियों की जा न
सागर जिले में एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब तेज रफ्तार कार गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। यह घटना सागर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र की है। जबलपुर मार्ग पर स्थित सिलगुड़ी बैरियर के पास एक अर्टिगा कार जबलपुर की ओर जा रही थी। तभी अचानक सड़क पर एक गाय आ गई। चालक ने गाय को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कार के अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार में बैठे लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। वाहन का अधिकांश हिस्सा आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया।
कार चालक मोनू यादव ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ जबलपुर जा रहे थे। अचानक सड़क पर गाय आने से वाहन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कार पेड़ से टकरा गई और आग लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। गनीमत रही कि हादसे के बाद सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए, वरना यह घटना एक बड़े हादसे में बदल सकती थी।