दो दोस्तों की डूबने से मौत, चिरोला गांव में पसरा मातम, डबरी बनी मौत का कुंड !
गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक डबरी में डूबने से दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मंगलवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। बुधवार सुबह जब उनके शव पानी में मिले तो पूरे गांव में मातम पसर गया। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। एमपी के उज्जैन जिले के भाटपचलाना थाना क्षेत्र के चिरोला गांव के मृतकों की पहचान 16 वर्षीय अजय बैरागी और 20 वर्षीय कमल माली के रूप में हुई है।
दोनों आपस में घनिष्ठ मित्र थे। परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह दोनों घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। पहले परिवार वालों को लगा कि गांव में चल रहे नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में दोनों मौजूद होंगे, लेकिन रात बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला।
जब परिजनों की चिंता बढ़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दोनों की तलाश शुरू की गई। बुधवार सुबह डबरी के किनारे दोनों युवकों की बाइक, मोबाइल फोन और चप्पलें पड़ी मिलीं। यह देखकर परिजनों और ग्रामीणों की आशंका और गहरा गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से डबरी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव पानी से बाहर निकाले गए। शव बाहर आते ही मौके पर मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
घटना की खबर फैलते ही पूरे चिरोला गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध नजर आया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोस्ती की मिसाल माने जाने वाले ये दोनों दोस्त जिंदगी के सफर में भी साथ थे और मौत ने भी इन्हें एक साथ अपने आगोश में ले लिया। चिरोला गांव में आज हर आंख नम है और हर जुबान पर बस एक ही सवाल है—आखिर यह दर्दनाक हादसा कैसे हुआ? पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।