सागर- अवैध कॉलोनी के विवाद में बुजुर्ग किसान की ह त्या , दो कॉलोनाइजर गिरफ्तार! चक्काजाम के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र के अमावनी गांव में जमीन विवाद ने अब बड़ा राजनीतिक और आपराधिक रूप ले लिया है। बुजुर्ग किसान नंदराम पटेल की मौत के बाद परिजनों ने अवैध कॉलोनी विकसित करने वाले दो कॉलोनाइजरों आनंद कुमार गुप्ता और शिवराज शुक्ला पर हत्या की साजिश और हमले के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। गिरफ्तारी के बाद ही परिजनों ने चक्काजाम समाप्त किया और शव का अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम अमावनी निवासी नंदराम पटेल का अपनी कृषि भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि विवादित जमीन से लगी भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। घटना वाले दिन कुछ लोग मौके पर पहुंचे और खेत की फेंसिंग में लगी लकड़ी की बल्लियां उखाड़ने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। परिजनों का आरोप है कि नंदराम पटेल पर डंडों, बल्लियों और धारदार हथियारों से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल नंदराम को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जुट गए। आक्रोशित लोगों ने सागर-खुरई मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और हत्या के मामले में कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क पर प्रदर्शन के चलते यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली बातचीत और कार्रवाई के आश्वासन के बाद भी लोग नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने मामले में दो कॉलोनाइजरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और पोस्टमार्टम के बाद नंदराम पटेल के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस बल तैनात किया गया है। अमावनी में जमीन विवाद से शुरू हुआ मामला अब हत्या और अवैध कॉलोनाइजेशन के आरोपों तक पहुंच चुका है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।