सेंट्रल जेल के ऑडियो ने उड़ाए होश, जेल में गांजे की डील का ऑडियो वायरल, महकमे में मचा हड़कंप
कहते हैं की जेल के अंदर मर्जी के बिना परिंदा भी पर नहीं मार सकता। लेकिन इस वायरल कथित ऑडियो को सुनकर आप दंग रह जायेंगे। जिसमें कथित तौर से एक ASI डीलर से बात कर रहा है और जेल के अंदर कैदियों को गांजा और शराब जैसी चीजें पहुंचाने की बात कही जा रही है जिसका कथित ऑडियो सामने आने के बाद महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामला एमपी के सतना जिले के सेंट्रल जेल का है। ऑडियो वायरल होने और शुरूआती जांच के बाद ASI को निलंबित कर दिया गया है।
दरअसल सामने आए ऑडियो में जेल में बंद कैदियों तक गांजा,शराब और प्रतिबंधित सामग्रियों को पहुंचाने की बात कही जा रही है। साथ ही मोटी रकम मांगे जाने की बात भी सामने आई है। ASI राजेंद्र चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। कथित वायरल ऑडियो में जेल के अंदर बंद कैदियों तक नशीले पदार्थ गांजा और शराब जैसी चीजें पहुंचाने की डील सुनाई दे रही है। ऑडियो में कथित तौर से 100 ग्राम और 25 ग्राम गांजा के साथ-साथ शराब की बोतल जेल के अंदर पहुंचाने की बात हो रही है। जिसके एवज में संबंधित व्यक्ति को 5-5 हजार रुपये की व्यवस्था करने का जिक्र किया जा रहा है। बड़ी ही बेबाकी से जेल के अंदर मादक पदार्थ सुरक्षित तरीके से पहुंचाने की बात कही जा रही है। ऑडियो वायरल होते ही पुलिस मुख्यालय और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। शुरूआती तौर पर ASI की भूमिका संदिग्ध पाई गयी। ड्यूटी में घोर लापरवाही, पद के दुरुपयोग और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर ASI राजेंद्र चौधरी को सस्पेंड किया गया। मामला सामने आने के बाद कई गंभीर खड़े हो रहे हैं। क्या इस मामले में कई और लोगों की भूमिका भी है। फिलहाल ASI के कॉल डिटेल्स CDR खंगाली जा रही है मामले की जांच जारी है।