सागर- शाहपुर डबल मर्डर केस में फरार दो आरोपी गिरफ्तार, 11 आरोपी अब तक सलाखों के पीछे | SAGAR TV NEWS
सागर जिले के शाहपुर में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद अब तक इस हत्याकांड में कुल 11 आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश भी तेज़ी से जारी है। मामला 8 मई की रात का है। शाहपुर निवासी नीरज प्रजापति अपने साथी सूरज अहिरवार के साथ गढ़ाकोटा से बिजली फिटिंग का सामान लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में बोलेरो वाहन से आए 10 से 12 लोगों ने दोनों को रोक लिया।
आरोप है कि अवैध शराब बेचने के संदेह में आरोपियों ने दोनों युवकों पर लाठी-डंडों, लात-घूंसों और डंडों से हमला कर दिया। हमले में नीरज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया, जबकि सूरज किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। अगले दिन नीरज का शव बरेठा बाबा घाटी के पास सड़क किनारे मिला। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हत्या को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश में शव को वहां फेंक दिया था। वहीं गंभीर रूप से घायल सूरज को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया और लगातार आरोपियों की तलाश शुरू की।
पहले ही मुख्य आरोपी छोटू उर्फ हर्ष लोधी सहित 9 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे। अब पुलिस ने फरार आरोपी जागेश्वर लोधी को उसके गांव धावौली से और रोहित लोधी को दमोह जिले के हरदुआ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े बाकी फरार आरोपी भी गिरफ्त में होंगे। शाहपुर का यह दोहरा हत्याकांड पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से मामले की परतें खुल रही हैं, लेकिन सवाल अभी भी बरकरार है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों को आखिर ऐसी हिम्मत कहां से मिली? फिलहाल पुलिस जांच जारी है।