सागर- ट्रैक्टर के टूल बॉक्स से लाखों की चोरी का खुलासा, राजस्थान का शातिर चोर गिरफ्तार SAGAR TV NEWS
सागर जिले के बीना में किसान के ट्रैक्टर से लाखों रुपए चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने ट्रैक्टर के टूल बॉक्स का ताला तोड़कर नकदी पार कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाख से अधिक की नगदी, वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी राजस्थान का रहने वाला है और पूछताछ में कई राज्यों में चोरी की वारदातें करना भी स्वीकार कर चुका है। पुलिस अधीक्षक सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना और एसडीओपी बीना के निर्देशन में थाना बीना पुलिस ने इस चर्चित चोरी का खुलासा किया है। जानकारी के मुताबिक 13 अप्रैल 2026 को खिमलासा थाना क्षेत्र के ग्राम बम्होरी खेड़ा निवासी किसान राजा कुर्मी अपनी मटर की फसल बेचने बीना गल्ला मंडी पहुंचे थे।
फसल बिक्री के बाद किसान को एक लाख 96 हजार रुपए प्राप्त हुए थे। किसान ने यह राशि अपने ट्रैक्टर के टूल बॉक्स में सुरक्षित रख दी और पास की दुकान पर सामान खरीदने चला गया। लेकिन कुछ ही मिनटों में एक शातिर चोर ने मौके का फायदा उठाते हुए ट्रैक्टर के टूल बॉक्स का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी पूरी नगदी लेकर फरार हो गया। घटना की शिकायत मिलने के बाद बीना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। लगातार की गई जांच के बाद पुलिस ने राजस्थान निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 लाख 2 हजार 500 रुपए नगद बरामद किए हैं। साथ ही वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड यानी सुम्मी और चोरी के दौरान इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। आरोपी ने विभिन्न राज्यों में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना भी कबूल किया है। बीना पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल आरोपी से और भी वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ सकते हैं।