पिटाई के बाद युवक की गई जान, आटा चक्की संचालक पर आरोप,परिजनों ने बॉडी रखकर लगाया जाम !
एक युवक की संदिग्ध जान चले जाने के बाद जमकर हंगामा देखने को मिला। नाराज़ परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर डेड बॉडी रखकर चक्काजाम कर दिया। और गांव के आटा चक्की के संचालक पर मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए। साथ ही पुलिस पर रिपोर्ट न लिखने के भी आरोप हैं। मामला दमोह जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है की बरी कनौरा गांव निवासी युवक ब्रजेश यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गयी।
परिजनों का आरोप है कि गांव के ही आटा चक्की चलाने वाले युवक के द्वारा उनके बेटे के साथ मारपीट की गई। जब थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे तो पुलिस ने उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी। जाम लगने की सूचना मिलने पर रजपुरा और आसपास के थाना क्षेत्र की पुलिस पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी मौके पर पहुंची। जहां लोगों को समझाइश दी गयी।
मृतक बृजेश के पिता सुखदेव यादव का आरोप है की शुक्रवार को उनका बेटा और नातिन अंजलि गांव के ही देवा बंजारा की आटा चक्की पर गेहूं पिसाने गए थे। बेटा चप्पल पहनकर दुकान के अंदर चला गया। जिस पर देवा द्वारा ब्रजेश को गालियां दी गई। जब मना किया तो जमकर विवाद हुआ। इसके बाद तुलाई करने वाले लोहे के बांट से नाक पर हमला कर दिया। ब्रजेश और नातिन वापिस घर आये तो कुछ देर के बाद देवा बंजारा के साथ करीब 8 से 10 लोग घर पहुंचे जहां फिर बेटे के साथ फिर मारपीट की गई। जब रजपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने गए तो रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। और धमकाकर वापिस भेज दिया।
नाक में गंभीर चोट आने से ब्रजेश की जान चली गयी। जिसके बाद गुस्साए परिजनों ने सड़क पर बॉडी रखकर जाम लगा दिया। जिससे दमोह-छतरपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। परिजनों का कहना था की आटा चक्की चालक देवा और रज्जो बंजारा समेत अन्य लोगों ने ब्रजेश के साथ मारपीट की है। उसे कई कई चोट के निशान हैं। प्रशासन ने परिजनों को कार्यवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।------