सागर- MD ड्र-ग्स के साथ युवक-युवती गिरफ्तार, 16 ग्राम ड्र-ग्स बरामद, म-र्डर के मुख्य आरोपी की बहन है युवती !
सागर में मोतीनगर थाना पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है जहां एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) का खुलासा किया गया है। मामले में पुलिस ने एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात ये है की पकड़ी गई युवती हाल ही में मछरयाई क्षेत्र में हुए मर्डर मामले में मुख्य आरोपी मनु सोनी की बहन है। मोतीनगर पुलिस ने कार्यवाई करते हुए युवक और युवती को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है जिसकी तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है की पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम सौरभ उर्फ रॉबिन पांडेय उम्र 30 साल, निवासी तिरूपतिपुरम कॉलोनी बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 13.61 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मोतीनगर में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने शैलजा सोनी को भी मामले में आरोपी बनाया। उसके कब्जे से 2.84 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपए है। उसे भी गिरफ्तार किया गया। इस तरह पुलिस ने दोनों आरोपियों से कुल 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपए है। जानकारी के मुताबिक मादक पदार्थ की सप्लाई और वितरण में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। मामले का एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क, ड्रग्स के स्रोत, खरीद-बिक्री और सप्लाई चैन की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों की माने तो आने वाले दिनों में कई और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल जांच जारी है।-