कॉलेज टॉपर छात्रा की खुशियां पल भर में मातम में बदली, ब्लैकमेलिंग से तंग आकर दे दी जा-न !
कल तक जिस घर में खुशियां थी, आज वहां पर मातम है। जिस बेटी ने कॉलेज में टॉप किया वह बेहद खुश थी। पूरा परिवार उसकी इस उपलब्धि से खुश था। फिर अचानक कुछ ऐसा हुआ की एक पल में सब बिखर सा गया। होनहार छात्रा ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर अपनी जान दे दी। आरोप हैं की एक युवक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दबाव बना रहा था। हैरान कर देने वाली ये घटना पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र के लोढ़ा पुरवा गांव से सामने आई है। जिसके बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है की अजयगढ़ के लोढ़ा पुरवा गांव में रहने वाली 22 साल की सृष्टि मिश्रा ने बीएससी फाइनल ईयर में कॉलेज टॉप किया था। लेकिन अगले ही दिन ब्लैकमेलिंग से तंग आकर उसने जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि भीना निवासी बरखू ठाकुर नाम का युवक सृष्टि को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देकर लगातार प्रताड़ित कर रहा था। मानसिक तनाव से तंग आकर सृष्टि ने जहरीला पदार्थ खा लिया अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
सृष्टि ने बीएससी फाइनल में पहला स्थान हासिल किया था। घर पर बधाई देने वाले आ रहे थे। किसी को ज़रा भी अंदाज़ा नहीं था की वह किस मुसीबत में है। परिजनों का कहना है की बरखू ठाकुर सृष्टि पर बात करने का दबाव बना रहा था। बात न करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। सृष्टि की तबियत बिगड़ने पर इस बात का खुलासा हुआ। मृतिका के पिता ने कड़ी कार्यवाई की मांग की। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की है।