पूर्व सैनिक के घर 55 लाख की चोरी का खुलासा, सरूपा गुर्जर गैंग के 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देवगढ़ थाना क्षेत्र में पूर्व सैनिक के घर हुई लाखों रुपए की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस वारदात को अंजाम देने वाले कुख्यात सरूपा गुर्जर गैंग के पांच सदस्यों समेत चोरी की साजिश रचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 55 लाख रुपए का चोरी का माल, नकदी, लाइसेंसी बंदूक, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है।
एमपी के मुरैना के देवगढ़ थाना क्षेत्र के नंदपुरा गांव में रहने वाले पूर्व सैनिक विष्णु सिंह सिकरवार के घर 21 मई को बड़ी चोरी की घटना हुई थी। चोर घर से करीब 40 तौला सोना, एक लाइसेंसी बंदूक, 25 जिंदा कारतूस और एक लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बताया कि शुरुआती जांच में पीड़ित द्वारा चोरी को दिनदहाड़े और सम्मोहन के जरिए अंजाम दिए जाने की बात कही गई थी। लेकिन तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि वारदात रात के समय हुई थी। इसके बाद पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को पड़ोसी गांव पटेलपुरा गुढ़ा चंबल निवासी रामप्रकाश उर्फ रंपा सिकरवार की भूमिका संदिग्ध लगी।
गिरफ्तारी के बाद उसके पास से चोरी के एक लाख रुपए नकद बरामद हुए। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि पूरी चोरी की साजिश उसी ने रची थी और वारदात को अंजाम सरूपा गुर्जर गैंग ने दिया था। इसके बाद पुलिस ने गैंग सरगना रामस्वरूप उर्फ सरूपा गुर्जर, राहुल उर्फ गूंगा, प्रदीप गुर्जर, जशरथ उर्फ कल्लू गुर्जर, देशराज उर्फ देशा गुर्जर और रामप्रकाश सिकरवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, एक लाख रुपए नकद, चोरी की गई लाइसेंसी बंदूक, 25 कारतूस, एक क्रेटा कार और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 55 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्यों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उन पर कुल 32 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था। मुरैना पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
हालांकि गिरोह का एक सदस्य अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ में कई और चोरी की वारदातों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल इस सफलता के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही है।