Sagar-अब दक्षिण भारत से बढ़ेगी सागर की कनेक्टिविटी, नागपुर हैदराबाद तक दौड़ेगी ट्रैन
रेल सुविधाओं के विस्तार के बीच सागर जिले के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से की जा रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है और अब सागर की सीधी रेल कनेक्टिविटी दक्षिण भारत के प्रमुख आईटी शहर हैदराबाद से हो जाएगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रीवा–सागर–नागपुर–हैदराबाद (चारलापल्ली) के बीच नई नियमित ट्रेन सेवा (ट्रेन संख्या 20158/20157) को मंजूरी दे दी है।
इस नई रेल सेवा के शुरू होने से सागर, बीना और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्षों से जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक सागर को नागपुर, हैदराबाद और पुणे जैसे महत्वपूर्ण शहरों से सीधे रेल मार्ग से जोड़ने की मांग कर रहे थे। अब इस ट्रेन के संचालन से वह सपना साकार होता नजर आ रहा है।
नई ट्रेन का ठहराव सागर और बीना सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा। खास बात यह है कि सागर और बुंदेलखंड क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग इलाज, शिक्षा, रोजगार और व्यापारिक कार्यों के लिए नागपुर तथा हैदराबाद का रुख करते हैं। हैदराबाद देश का प्रमुख आईटी हब होने के कारण वहां नौकरी करने वाले युवाओं को भी इस ट्रेन से सीधा लाभ मिलेगा।
इसके अलावा बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए भी बड़ी संख्या में मरीज नागपुर और हैदराबाद जाते हैं। ऐसे में सीधी रेल सेवा समय और खर्च दोनों की बचत करेगी। यह नई ट्रेन न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति देगी। सागर लोकसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।