सागर- पिकअप और बाइक की टक्कर में तीन युवक घा यल, सागर BMC रेफर | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। जरुवाखेड़ा के पास खुरई मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, हादसा जरुवाखेड़ा के ठाकुर ढाबा के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खुरई की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घायलों की पहचान 19 वर्षीय जयदीप गौड़, 20 वर्षीय उदय गौड़ और 20 वर्षीय अंकित गौड़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक अपने गांव बसिया गौड़ से ठाकुर बाबा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के पायलट पहलाद यादव और ईएमटी सुरेंद्र प्रजापति ने तत्काल घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन तीनों की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि हादसे में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं और कुछ की हड्डियां भी टूट गई हैं। फिलहाल उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल तीनों घायल युवकों का इलाज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में जारी है। हम उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। सड़क पर सावधानी ही सुरक्षा है, इसलिए वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन जरूर करें।