सागर- खुरई बिजली कार्यालय में घुसकर JE से मा र पी ट! CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, चार पर मामला दर्ज
सागर जिले के खुरई से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बिजली कंपनी के कार्यालय में घुसकर एक कनिष्ठ अभियंता के साथ कथित मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पूरी वारदात कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, फरियादी कैलाश बेलदार, जो राजगढ़ जिले के पचौर निवासी हैं और वर्तमान में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के खुरई कार्यालय में कनिष्ठ अभियंता के पद पर पदस्थ हैं, शनिवार को अपने कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे।
इसी दौरान अधिवक्ता संतोष सिंह ठाकुर, नरेंद्र कुर्मी, मेवा लोधी और एक अन्य व्यक्ति कार्यालय पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, एक पुराने विद्युत चोरी प्रकरण को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने कनिष्ठ अभियंता के साथ अभद्र व्यवहार किया, अपशब्द कहे और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनका अपमान किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने कैलाश बेलदार का हाथ पकड़कर उन्हें कुर्सी से खींचा और उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उन्हें कार्यालय से बाहर निकलने और गोली मारने तक की धमकी दी गई।
घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। लेकिन तब तक पूरा घटनाक्रम कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो चुका था। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला सहित कुछ लोग कार्यालय के भीतर पहुंचते हैं और जेई के साथ बहस के बाद हाथापाई की स्थिति बन जाती है। शोर-शराबा सुनकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचते हैं और विवाद को शांत कराने का प्रयास करते हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। सरकारी कार्यालय के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों की कार्यस्थल सुरक्षा पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।