Sagar - रेलवे स्टेशन का 22 करोड़ से चल रहा कार्य ढाई साल बाद भी अधूरा यात्री हो रहे परेशान
अगस्त 2023 में करीब 22 करोड़ की लागत से सागर रेलवे स्टेशन के स्वरूप को बदलकर एयरपोर्ट जैसा तैयार करने के लिए काम तो शुरू हुआ, लेकिन ढाई साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी स्थितियों में बदलाव नहीं दिख रहा। प्लेटफॉर्म नंबर 1 व 2 पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगवाई गई लिफ्ट पिछले 10 दिनों से बंद हैं। ऐसे में बुजुर्ग यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 2 पर आने-जाने के लिए ब्रिज से होकर जाना पड़ रहा है, जिससे करीब 1 किमी का चक्कर लगाना पड़ता है।
कायाकल्प के तहत प्लेटफॉर्म नंबर 1 तो पहले ही ऊंचा किया जा चुका है, वहीं अब प्लेटफॉर्म नंबर 2 को ऊंचा करने का काम चल रहा है। साथ ही ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गैप कम करने का काम चल रहा है, वह भी अभी आधा-अधूरा है। निर्माण कार्य के चलते प्लेटफॉर्म कहीं एक फीट से अधिक ऊंचा है, तो कहीं अभी सीसी का काम ही नहीं हुआ है। ऐसे में यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने में इस समय काफी दिक्कत हो रही है। प्लेटफॉर्म नंबर 2 का यह काम अप्रैल 2026 में पूरा होना था, लेकिन लेटलतीफी के चलते अभी इसे पूरा होने में 3-4 महीने और लगने की बात जिम्मेदार अधिकारी कह रहे हैं।
बीते दिनों डिप्टी चीफ इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 का निरीक्षण किया था। साथ ही ठेकेदार से काम जल्द से जल्द पूरा करने की बात कही थी। तब ठेकेदार ने कहा था कि ट्रेनों की लगातार आवाजाही से प्लेटफॉर्म पर कंक्रीट स्टैप बिछाने के लिए कम समय मिल रहा है, इसलिए काम लेट हो रहा है।