सागर-भाजपा नेताओं ने किया हवन-पूजन! मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे, दोहराया विकसित भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सागर में भाजपा द्वारा विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वृंदावन बाग मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र की समृद्धि की कामना की गई। सागर शहर के वृंदावन बाग मंदिर में पूज्य महंत नरहरिदास महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा उनके ऐतिहासिक राजनीतिक योगदान के उपलक्ष्य में किया गया।
इस अवसर पर सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन-पूजन किया। हवन के दौरान राष्ट्र की सुख-समृद्धि, प्रदेश के विकास और देश की निरंतर प्रगति के लिए विशेष प्रार्थना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और भारत विश्व मंच पर नई पहचान बना रहा है।
वहीं विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, अधोसंरचना विकास और युवाओं के लिए चल रही योजनाएं देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महापौर संगीता तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्र गौरव को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने भी विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराया और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। हवन-पूजन और प्रसादी वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।