नवविवाहिता पत्नी को जबरन खिलाई सल्फास, इलाज के दौरान मौत, पति-सास-ससुर गिरफ्तार
एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। उपचार के दौरान महिला ने अपने मरणासन्न बयान में पति पर जबरन सल्फास खिलाने और लगातार प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए। महिला की मौत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला एमपी के उज्जैन जिले के भाटपचलाना थाना क्षेत्र के ग्राम बरथून का है। मृतका प्रिया की शादी कुछ समय पहले ही हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाह के बाद से ही उसे घरेलू बातों को लेकर प्रताड़ित किया जाता था और आए दिन मारपीट की जाती थी।
जानकारी के अनुसार, 2 जून को प्रिया की हालत अचानक बिगड़ गई। जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद उसे पहले नागदा अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उज्जैन रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष दिए गए अपने मरणासन्न बयान में प्रिया ने पति बालकदास बैरागी पर गंभीर आरोप लगाए। उसने बताया कि पति ने उसके साथ मारपीट की और जबरन सल्फास की गोली खिलाई। महिला का यह बयान पुलिस जांच का अहम आधार बना। हालांकि इलाज के दौरान 5 जून को प्रिया ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया।
मृतका की मौत के बाद पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए और उपलब्ध साक्ष्यों की गहन जांच की। जांच में प्रताड़ना और हत्या से जुड़े तथ्य सामने आने पर पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। एसडीओपी खाचरौद के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पति के खिलाफ पहले भी पत्नी के साथ मारपीट का मामला दर्ज हो चुका है। नवविवाहिता की मौत और मरणासन्न बयान में लगाए गए आरोपों ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल तीनों आरोपी सलाखों के पीछे हैं और पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।