सागर- मौत या हत्या? 23 साल की महिला की मौत से सनसनी, पति से पूछताछ जारी | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के नरयावली थाना क्षेत्र के जरुवाखेड़ा गांव में 23 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शरीर पर मिले चोटों के निशानों ने इस मौत को और भी रहस्यमय बना दिया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है। मृतका की पहचान 23 वर्षीय संगीता चौबे के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक संगीता को उसके पति सोमनाथ चौबे द्वारा सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज लाया गया था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में बताया गया कि महिला को उल्टियां हो रही थीं और इसी वजह से उसे अस्पताल लाया गया था, लेकिन जब डॉक्टरों और पुलिस ने महिला के शरीर पर चोटों के निशान देखे तो मामला संदिग्ध हो गया।
लोकेश कुमार सिन्हा एडिशनल एसपी ने बताया कि एक महिला है और उसके परिजन उसको हॉस्पिटल लेकर के पहुंचे थे और शुरुआती जो तथ्य आए थे उसमें ये था कि उसको वोमिट वगैरह हुआ है। उसके बाद उसको हॉस्पिटल ले गए थे। तो हॉस्पिटल में वो ब्रॉड डेड पहुंची थी। मृत अवस्था में ही पहुंची थी। क्योंकि परिस्थितियां संदिग्ध है और अभी उसमें मृतिका का पीएम हुआ है। पीएम रिपोर्ट के बाद उसके मृत्यु के कारणों का पता चलेगा और इसमें पुलिस के द्वारा मर्ग प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है और इसमें आगे जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका का मायका ओडिशा में है और उसका एक 7 से 8 माह का छोटा बच्चा भी है। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दी है, जो ओडिशा से सागर पहुंच रहे हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी परिजनों की मौजूदगी में पूरी की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार शाम को संगीता की सास को चूड़ियां और श्रृंगार का सामान खरीदते देखा गया था। वहीं बुधवार सुबह करीब 6 बजे संगीता को एक निजी वाहन से इलाज के लिए सागर ले जाया गया। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार ने किसी को भी उसकी तबीयत या हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी।
घटना के बाद नरयावली पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और पति से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। क्या यह सामान्य मौत है या फिर किसी बड़ी साजिश का हिस्सा? शरीर पर मिले चोटों के निशान कई सवाल खड़े कर रहे हैं। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है, जो इस रहस्यमयी मौत की असली कहानी सामने लाएगी।