ब्रेक फेल होते ही बेकाबू हुआ नगर निगम का टैंकर! कई गाड़ियों को रौं दते हुए फुटपाथ पर चढ़ा
नगर निगम के पानी के टैंकर से जुड़ा एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अचानक ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुए टैंकर ने सड़क पर चल रहे कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में कई कारें और बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना एमपी के इंदौर शहर की व्यस्त सड़क पर हुई, जहां नगर निगम का पानी का टैंकर नियमित कार्य के दौरान गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक टैंकर के ब्रेक फेल हो गए और वाहन चालक का नियंत्रण उस पर से हट गया। बेकाबू टैंकर सड़क पर दौड़ता हुआ कई वाहनों से टकरा गया। हादसे में 3 से 4 कारें और 2 बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। सड़क पर अचानक हुई इस घटना से अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी, लेकिन चालक ने अंतिम क्षणों में सूझबूझ दिखाते हुए टैंकर को फुटपाथ और डिवाइडर की ओर मोड़ दिया। इससे वाहन की रफ्तार कम हुई और एक बड़े हादसे को टालने में मदद मिली। हालांकि इस दौरान टैंकर में सवार एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने टैंकर में तोड़फोड़ कर दी। वहीं हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि ब्रेक फेल होने के बाद चालक टैंकर को डिवाइडर की ओर ले जाने की कोशिश करता है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित कर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अगर चालक समय रहते टैंकर को नियंत्रित करने की कोशिश नहीं करता, तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश भी जारी है।