फसल नुकसान पर छिड़ी सियासी जंग ! सांसद को किसान नेता ने घेरा, सांसद ने दिया करारा जवाब
आंधी और तूफान से किसानों की फसलों को हुए नुकसान के बीच अब सियासत भी गरमा गई है। किसानों की समस्याओं को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। भारत किसान संघ के एक पदाधिकारी द्वारा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल पर लगाए गए आरोपों के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब इस पूरे मामले पर सांसद ने खुलकर जवाब दिया है।
दरअसल, भारत किसान संघ के पदाधिकारी सुभाष पटेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने एमपी के खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल से सवाल करते हुए कहा कि उनका संसदीय क्षेत्र काफी बड़ा है, लेकिन वे अक्सर बुरहानपुर के केला उत्पादक किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हैं। जबकि खंडवा जिले में हाल ही में आई आंधी और तूफान से प्रभावित किसानों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
यह मुद्दा तब और चर्चा में आ गया जब सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल दिशा समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे। पत्रकारों ने उनसे वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों को लेकर सवाल किया। इस पर सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे पूरे लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनके लिए सभी किसान समान हैं। सांसद ने कहा कि बुरहानपुर भी उनके संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है और वहां केले की फसल को हुए नुकसान को लेकर उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर किसानों की समस्याएं रखी थीं। उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को आधार बनाकर कुछ लोग अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं।
ज्ञानेश्वर पाटिल ने यह भी कहा कि केवल बयानबाजी करने से किसानों का भला नहीं होता। किसानों के हित में काम करना और उनकी समस्याओं का समाधान निकालना ही असली जनसेवा है। उन्होंने आरोप लगाने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे बोलते रहें, लेकिन उनका ध्यान किसानों के हित और विकास कार्यों पर केंद्रित रहेगा। फसल नुकसान से शुरू हुआ यह मुद्दा अब राजनीतिक बहस का रूप ले चुका है। सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब देखना होगा कि किसानों की वास्तविक समस्याओं के समाधान पर कितना ध्यान दिया जाता है और यह सियासी संग्राम आगे क्या मोड़ लेता है।