पटाखा दुकान में लगी आग, एक के बाद एक होते रहे कई धमाके, लाखों के पटाखे स्वाहा
एक पटाखा दुकान में इस कदर आग लगी की एक के बाद एक कई धमाके हुए। रात के समय हुई इस घटना से पूरा इलाका दहल उठा। पटाखे फूटने की आवाज काफी देर तक गूंजती रही। आलम ये था की आग की लपटें तकरीबन 70 फ़ीट ऊंची दिखाई दे रही थी। जिस वजह से दहशत फैलती जा रही थी। ये पूरी घटना राजधानी भोपाल के बैरागढ़ रोड से सामने आई है। जहां तड़के साढ़े तीन बजे पटाखा दुकान में आग लग गयी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची वहीं फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुँच गयी थी। जहां आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे का समय लगा। तब कहीं आग बुझाई जा सकी। इस घटना में लाखों रूपये के नुकसान की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है की भोपाल के बैरागढ़ रोड स्थित हलालपुरा क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई। जिससे दुकान में रखे पटाखों में लगातार धमाके होने लगे। इस दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक निजी गार्डन के सामने स्थित सोनी पटाखा दुकान में सुबह करीब 3:30 बजे अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में बड़ी मात्रा में पटाखों का स्टॉक रखा हुआ था। जिससे लगातार विस्फोट होते रहे वहीं आग तेजी से फैलती गई। सूचना मिलते ही फतेहगढ़, बैरागढ़, गांधीनगर समेत कई फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है मामले की जांच की जा रही है।-