पानी में डूब रहा था शख्स, फिर होमगार्ड जवानों ने ऐसे बचाई जान, फिर उपकरणों का किया प्रदर्शन !
लोग पानी में डूब रहे थे जिन्हे बचाने होमगार्ड की टीम ने प्रयास किये और उपकरणों की मदद से उन्हें बचाकर किनारे पर लेकर आये। इसके अलावा पानी में मोटर वोट चलाकर निरीक्षण भी किया गया। पानी में डूब रहे शख्स के पास लाइफ बॉय रिंग फेंकी गई इसके बाद उसे बचाया गया। दरअसल ये सब मॉक ड्रिल का हिस्सा था। और आपदा के समय कैसे लोगों की जान बचाई जा सकती है इसको लेकर डेमो दिया जा रहा था। बता दें की ये तस्वीरें एमपी के डिंडौरी जिले की हैं। जहां मानसून पूर्व आपदा तैयारियों का कलेक्टर ने निरीक्षण किया। नर्मदा घाट पर मॉक ड्रिल प्रदर्शन भी किया गया। टीम ने कलेक्टर को बारीकी से अवगत कराया।
बताया गया की मानसून को देखते हुए जिले में बाढ़ और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया नर्मदागंज स्थित मां नर्मदा डेम घाट पहुंची थी। जिन्होंने होमगार्ड विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर कलेक्टर, एसडीओपी के अलावा कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बाढ़ राहत और बचाव कार्यों में उपयोग किए जाने वाले कई उपकरणों जैसे मड पंप, डीप डाइविंग सेट, रबर बोट, आउटबोर्ड मोटर, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, स्ट्रेचर, टॉवर लाइट, गैस मास्क समेत अन्य आपदा प्रबंधन उपकरणों की कार्यक्षमता का परीक्षण कराया। अधिकारियों ने सभी उपकरणों को चालू कर उनके उपयोग और संचालन की जानकारी ली।
होमगार्ड प्लाटून कमांडर शिवराज पंद्रे ने आपदा प्रबंधन की अलग-अलग अवस्थाओं आपदा पूर्व तैयारी, आपदा के दौरान बचाव कार्य और आपदा के बाद पुनर्वास संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों और होमगार्ड जवानों को मॉक ड्रिल के माध्यम से आगजनी, प्राथमिक इलाज, सीपीआर, बाढ़ बचाव और राहत शिविरों के चयन संबंधी प्रशिक्षण भी दिया। तैराकी और वोट चलाकर मॉक ड्रिल के माध्यम से ये बताया गया की आपदा में कैसे लोगों की जान बचाई जा सकती है।