अज्ञात वाहन ने नौजवान पुलिस आरक्षक की जान ले ली,साथी गंभीर, पिता की जगह मिली अनुकंपा नौकरी
पुलिसकर्मी पिता की जान जाने के बाद बेटे को पुलिस विभाग में ही अनुकंपा नौकरी मिली थी। लेकिन काल बनकर आये एक ट्रक ने परिवार की सारी उम्मीदों को एक पल में ख़त्म कर दिया। उसकी कार को ऐसी टक्कर मारी की आरक्षक की दर्दनाक जान चली गई। जबकि उसका दोस्त गंभीर घायल है। दिल को झखझोर देने वाली ये घटना पन्ना जिले से सामने आई है। जहां नेशनल हाइवे-39 पर बीती रात रफ्तार के कहर ने एक नौजवान आरक्षक की जान ले ली। अजयगढ़ थाने में पदस्थ 26 साल के युवा आरक्षक अभय श्रीवास ने एक भीषण सड़क हादसे में दम तोड़ दिया। जबकि उसका दोस्त अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। 11 और 12 जून की दरमियानी रात करीब 3 बजे स्मृति वन के पास ये हादसा हुआ।
मामले में पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया क़ी आरक्षक अभय श्रीवास अपने दोस्त अरविंद सिंह के साथ कार से मनोर ढाबे से खाना खाकर पन्ना लौट रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी कार को इतनी जोरदार टक्कर मारी की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की कार के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन इलाज के दौरान अभय ने दम तोड़ दिया।
मृतक अभय श्रीवास अपने पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति पर पुलिस सेवा में आए थे। करीब दो साल पहले ही उनकी अजयगढ़ थाने में पोस्टिंग हुई थी।असमय हादसे ने पूरे पुलिस महकमे और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। अज्ञात आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया था। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर बॉडी का पोस्टमार्टम कराया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार वाहन की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।