Sagar-पहली बार Mega Bhajan Concert, भक्ति, म्यूजिक और लाइव परफॉर्मेंस का होगा अद्भुत संगम
सागर शहर में पहली बार बड़े महानगरों की तर्ज पर एक अनूठे भजन कंसर्ट का आयोजन होने जा रहा है, जहां श्रद्धा, संगीत और आधुनिक लाइव परफॉर्मेंस का शानदार संगम देखने को मिलेगा। यह आयोजन 14 जून, रविवार को सागर के कनेरा देव स्थित द हेरिटेज कन्वेंशन होटल में होगा।
शाम 6 बजे से शुरू होकर रात 11 बजे तक चलने वाले इस विशेष कार्यक्रम में पारंपरिक भजनों को एक नए, ऊर्जावान और कंसर्ट स्टाइल अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि यह सिर्फ एक भजन संध्या नहीं, बल्कि एक ऐसा लाइव म्यूजिकल अनुभव होगा जो युवाओं, बच्चों और परिवारों को भक्ति से जोड़ने का काम करेगा।
कार्यक्रम में भोपाल के प्रसिद्ध फ्लाईबाय स्टूडियो से जुड़े कलाकार लाइव प्रस्तुति देंगे। यह टीम अपने यूनिक म्यूजिकल परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती है और मुंबई, हैदराबाद सहित कई बड़े शहरों में सफल लाइव कंसर्ट कर चुकी है।
आयोजन से जुड़े करण श्रीवास्तव ने बताया कि सागर में पहली बार भजनों को आधुनिक कंसर्ट फॉर्मेट में पेश किया जा रहा है। इसमें भक्ति से सराबोर भजन और आध्यात्मिक गीत होंगे, लेकिन उनकी प्रस्तुति युवाओं को आकर्षित करने वाले नए अंदाज में की जाएगी। उनका कहना है कि अभी तक लोग ऐसे आयोजन केवल बड़े शहरों में देखते थे, लेकिन अब सागर के लोगों को भी अपने शहर में यह खास अनुभव मिलने जा रहा है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने दोस्तों, परिवार और बच्चों के साथ इस कार्यक्रम का हिस्सा बनें और भक्ति, संगीत तथा उत्साह से भरी इस यादगार शाम का आनंद लें।
14 जून की शाम सागर में भक्ति और संगीत का ऐसा रंग जमने वाला है, जो शहर के सांस्कृतिक आयोजनों में एक नई पहचान बना सकता है।