Sagar-सीएम 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में डालेंगे1835 करोड़, केसली में 190 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
सागर जिले के लिए 14 जून का दिन बेहद खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव केसली विकासखंड से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होकर लाड़ली बहना योजना की 37वीं किश्त जारी करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 1835 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री क्षेत्र को लगभग 190 करोड़ 85 लाख रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात भी देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को सागर जिले के केसली पहुंचेंगे, जहां आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की 37वीं किश्त का अंतरण किया जाएगा। इस योजना के तहत प्रदेशभर की 1 करोड़ 25 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 1835 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री देवरी विधानसभा क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों के विकास को नई गति देने वाले 53 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 190 करोड़ 85 लाख रुपये बताई गई है। इनमें 122 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 28 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया जाएगा, जबकि 68 करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 25 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं की सौगात देंगे, उनमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और तकनीकी शिक्षा विभाग से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्माण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से देवरी और केसली विकासखंड के हजारों ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। सरकारी अधिकारियों के अनुसार इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।
देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव क्षेत्र के विकास को गति देने वाले सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा तकनीकी शिक्षा विभाग से संबंधित निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करेंगे। इन विकास कार्यों से देवरी एवं केसली विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि सीएम डॉ यादव के स्वागत की जोरदार तैयारिया की गई है। देवरी क्षेत्र के जनता में मुख्यमंत्री जी के आगमन को लेकर काफी उत्साह बना हुआ है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं। लाड़ली बहना योजना की अगली किश्त और करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात के साथ केसली रविवार को प्रदेश की राजनीति और विकास गतिविधियों का केंद्र बनने जा रहा है। सभी की निगाहें अब मुख्यमंत्री के इस महत्वपूर्ण दौरे पर टिकी हैं।