पुलिस की घेराबंदी में दबोचे गए दोनों आरोपी, भेजे गए जेल, 2 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार!
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के बक्सवाहा थाना क्षेत्र से एक बड़ी पुलिस कार्रवाई सामने आई है। वर्ष 2024 में दर्ज दुष्कर्म के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। "न्याय पथ अभियान" के तहत की गई इस कार्रवाई को बक्सवाहा पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में बक्सवाहा थाना क्षेत्र में दुष्कर्म का एक गंभीर मामला दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी बनाए गए रमेश यादव, निवासी ग्राम पड़रई, जिला सागर और मनोज यादव, निवासी ग्राम टपरियन, जिला छतरपुर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे।
दोनों आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर बच निकलते थे। इस बीच पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में जिलेभर में पुराने लंबित मामलों के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए "न्याय पथ अभियान" चलाया गया। इसी अभियान के तहत एसडीओपी बड़ा मलहरा रोहित अलावा के मार्गदर्शन में बक्सवाहा थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और गोपनीय सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा के साथ आरक्षक राजकुमार सेन, सतीश लोधी, भरत और संजय राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। दो साल से कानून की पकड़ से दूर चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी ने यह साफ कर दिया है कि अपराधी चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, कानून के लंबे हाथ आखिरकार उन्हें पकड़ ही लेते हैं। बक्सवाहा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप का माहौल है।