Sagar-खुरई में मंदिर की दानपेटी तोड़कर हजारों की चोरी, दूसरे मंदिर में चोरी की कोशिश नाकाम
सागर जिले के खुरई में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब भगवान के घर भी सुरक्षित नहीं रहे। शहर के दो मंदिरों को चोरों ने निशाना बनाया। एक मंदिर में दानपेटी तोड़कर हजारों रुपये की चोरी कर ली गई, जबकि दूसरे मंदिर में चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। इन दिनों खुरई शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा मामला न्यायालय परिसर स्थित श्री दण्डनायक हनुमान मंदिर का है, जहां अज्ञात चोरों ने देर रात मंदिर में घुसकर दानपेटी तोड़ दी और उसमें रखे करीब 18 से 20 हजार रुपये नगद चोरी कर फरार हो गए।
मंदिर के पुजारी के अनुसार सुबह जब वे मंदिर पहुंचे तो दानपेटी टूटी हुई मिली और नकदी गायब थी। घटना की जानकारी मिलने पर मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। वहीं दूसरी ओर रजवांस रोड स्थित रेलवे फाटक के पास बने भूतेश्वर महादेव मंदिर में भी चोरों ने चोरी का प्रयास किया। यहां चोरों ने मंदिर के पीछे लगे गेट का ताला तोड़ दिया और दानपेटी ले जाने की कोशिश की।
लेकिन दानपेटी भारी और मजबूत होने के कारण चोर उसे तोड़ नहीं सके और न ही अपने साथ ले जा पाए। चोरी की कोशिश नाकाम होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों मंदिरों का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने खुरई के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब जब मंदिर भी चोरों के निशाने पर हैं, तो लोगों की मांग है कि पुलिस रात की गश्त बढ़ाए और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सुरक्षा का भरोसा बहाल करे।