Sagar- चाकू दिखाकर राहगीर से लूट, फिर निकला जुलूस! पुलिस ने आदतन बदमाश को दबोचा
सागर जिले के बीना में चाकू की नोक पर राहगीर से लूट करने वाले एक आदतन अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मजदूरी कर लौट रहे एक व्यक्ति को रोककर न सिर्फ उसका पर्स लूट लिया, बल्कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का शहर के प्रमुख मार्गों से जुलूस भी निकाला। जानकारी के मुताबिक फरियादी मजदूरी का काम करता है और घटना वाले दिन शास्त्री वार्ड से मुख्य मार्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान बंद गुल्ला ढाबा के पास आरोपी भरत सेन ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि भरत ने चाकू दिखाकर मजदूर को डराया-धमकाया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी जेब से पर्स छीन लिया। पर्स में 5 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। जब पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बीना थाना प्रभारी अनूप यादव ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी भरत सेन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का चाकू, लूटी गई 5 हजार रुपये की नगदी, पर्स और अन्य दस्तावेज बरामद कर लिए गए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी भरत सेन एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ थाना बीना में पहले से ही करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड देखते हुए पुलिस उसकी अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कानून का संदेश देने के लिए आरोपी का शहर के प्रमुख मार्गों से जुलूस निकाला, ताकि अपराधियों में डर और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम हो सके। बीना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल लूट का खुलासा हुआ, बल्कि एक आदतन अपराधी भी सलाखों के पीछे पहुंच गया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।