Sagar- खुरई में दो सड़क हा दसों में दंपति और दो बच्चों समेत 6 लोग पहुंचे अस्पताल | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के खुरई में रविवार को अलग-अलग दो सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। पहले हादसे में एक बाइक पर सवार दंपति और उनके दो बच्चे अज्ञात वाहन की टक्कर का शिकार हो गए, जबकि दूसरे हादसे में भाई-बहन को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पहली घटना खुरई के जेल रोड की है। जानकारी के मुताबिक हेमंत अहिरवार, उनकी पत्नी माया अहिरवार और उनके दोनों बच्चे दिव्यांशी और हरिओम, बाइक से अपने गांव सनाई से मालथौन थाना क्षेत्र के लौगर गांव जा रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक खुरई के जेल रोड से गुजर रही थी, तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की और उन्हें खुरई सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायल हेमंत अहिरवार ने बताया कि वे एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी ससुराल जा रहे थे।
वहीं दूसरी घटना नेशनल हाईवे बीना-खुरई रोड पर मिशन अस्पताल के सामने हुई। यहां बाइक से घर लौट रहे भाई-बहन सानिया अहिरवार और आदित्य अहिरवार को पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई-बहन सड़क किनारे खड़ी एक कार से जा टकराए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर रहे हैं। पुलिस अब दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों की तलाश में जुटी है। वहीं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।