sagar-बीना से मथुरा-वृंदावन जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़, पुरुषोत्तममास में उमड़ा आस्था का सैलाब!
अधिक मास यानी पुरुषोत्तम मास शुरू होते ही देशभर में धार्मिक यात्राओं का दौर तेज हो गया है। इसका असर अब सागर जिले के बीना रेलवे जंक्शन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। मथुरा-वृंदावन, गोवर्धन और 84 कोस परिक्रमा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ट्रेनों और स्टेशन पर उमड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि कई ट्रेनों के स्लीपर और जनरल कोच पूरी तरह खचाखच भरे हुए हैं। बीना रेलवे जंक्शन इन दिनों श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार नजर आ रहा है। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मथुरा-वृंदावन और गोवर्धन परिक्रमा के लिए रवाना हो रहे हैं।
बीना से होकर गुजरने वाली दक्षिण सुपरफास्ट एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, पंजाब मेल, मालवा सुपरफास्ट, केरला एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और पातालकोट एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। स्थिति यह है कि कई ट्रेनों में रिजर्वेशन उपलब्ध नहीं है और जनरल कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। आरक्षण केंद्र और टिकट खिड़कियों पर भी यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि पुरुषोत्तम मास में मथुरा-वृंदावन की यात्रा और गोवर्धन परिक्रमा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी वजह से बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ इस यात्रा पर निकल रहे हैं। इनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण प्लेटफॉर्म पर भी चहल-पहल बढ़ गई है। यात्रियों को ट्रेन में जगह बनाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है, लेकिन आस्था का उत्साह कम नहीं हो रहा। पुरुषोत्तम मास में आस्था का यह जनसैलाब बता रहा है कि धार्मिक परंपराएं आज भी लोगों के जीवन का अहम हिस्सा हैं। बीना जंक्शन से हर दिन हजारों श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन की ओर रवाना हो रहे हैं और पूरा रेलवे स्टेशन भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आ रहा है।