Sagar-80 फीट गहरे कु एं में गि रा जंगली सुअर! 4 घंटे के रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने बचाई जान
सागर जिले के खुरई से एक दिलचस्प और राहत भरी खबर सामने आई है। खुरई वन परिक्षेत्र के ग्राम बनहट में एक जंगली सुअर करीब 80 फीट गहरे कुएं में गिर गया। घंटों तक जिंदगी और मौत के बीच फंसे इस वन्यजीव को वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार ग्राम बनहट निवासी बैजनाथ अहिरवार के खेत में बने कुएं से अचानक किसी जानवर की आवाजें सुनाई दीं। जब ग्रामीणों ने कुएं में झांककर देखा तो उसमें एक जंगली सुअर फंसा हुआ था।
घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब 80 फीट गहरे कुएं में गिरे जंगली सुअर को बाहर निकालना आसान नहीं था। टीम ने पूरी सावधानी और सूझबूझ के साथ करीब चार घंटे तक लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से आखिरकार जंगली सुअर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बाहर निकालने के बाद वन विभाग ने उसकी स्वास्थ्य जांच की, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से नजदीकी वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी और भोजन की तलाश में वन्यजीव अक्सर जंगल से निकलकर खेतों और आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं। इसी दौरान कई बार वे खुले कुओं या अन्य स्थानों में फंस जाते हैं। अधिकारियों ने कहा कि समय पर सूचना मिलने के कारण इस वन्यजीव की जान बचाई जा सकी। यदि थोड़ी भी देरी होती, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कोई वन्यजीव संकट में फंसा दिखाई दे या आबादी क्षेत्र में पहुंच जाए, तो उसे नुकसान पहुंचाने की बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें। समय पर दी गई एक सूचना किसी बेजुबान की जिंदगी बचा सकती है।