सागर- खुरई में ब्लैक आउट की चेतावनी! JE से मा र पी ट के विरोध में बिजली कर्मचारियों का ऐलान
सागर जिले के खुरई में जूनियर इंजीनियर के साथ हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी खुलकर मैदान में उतर आए हैं। विभाग ने पोस्टर जारी कर चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे खुरई में ब्लैक आउट किया जाएगा। दरअसल, 6 जून को खुरई के शहरी बिजली कार्यालय में एक पुराने विद्युत चोरी के मामले को लेकर कुछ लोग पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि चार लोगों ने जूनियर इंजीनियर कैलाश बेलदार के साथ मारपीट कर दी।
घटना की पूरी तस्वीर कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। वीडियो सामने आने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया। उनका आरोप है कि घटना के कई दिन बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसी को लेकर बिजली विभाग के कर्मचारियों ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है। विभाग की ओर से जारी पोस्टर में साफ तौर पर लिखा गया है— "यदि न्याय नहीं, तो सेवा भी नहीं"।
बिजली विभाग के डिविजनल इंजीनियर प्रभात साहू ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मुख्य आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो खुरई में बिजली सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं और ब्लैक आउट की स्थिति बन सकती है।
बिजली विभाग के इस ऐलान के बाद प्रशासन और पुलिस पर भी दबाव बढ़ गया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस मुख्य आरोपी को कब तक गिरफ्तार कर पाती है। जूनियर इंजीनियर से मारपीट का मामला अब सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं रह गया है, बल्कि यह कर्मचारियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था का बड़ा मुद्दा बन गया है। अगर जल्द समाधान नहीं निकला, तो खुरई में बिजली संकट गहराने की आशंका भी बढ़ सकती है।