सागर- भूसा गोदाम में भड़की आग, कई क्विंटल भूसा जलकर हुआ खाक, लाखों के नुक्सान का अनुमान
सागर जिले के खुरई क्षेत्र में एक भूसा गोदाम में अचानक से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते ऐसी आग लगी की कई क्विंटल भूसा आग में जल गया। घटना में गोदाम संचालक को लाखों रूपये के नुकसान की बात सामने आई है। मामला खुरई के खिमलासा रोड स्थित तलापार तिराहा के पास का बताया जा रहा है की। जहां भूसे के गोदाम में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची थी और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। भूसा गोदाम खुरई निवासी डब्बू अग्रवाल का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक गोदाम से अचानक धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो दंग रह गए क्योंकि भूसे में आग लग चुकी थी। जो देखते ही देखते और भी भीषण हो गयी। आग तेजी से फैली और पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया। जिससे कई क्विंटल भूसा जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही खुरई नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। दमकल की गाड़ियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया गया की इस आगजनी में करीब 25 लाख रुपए का नुकसान हो गया है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। वहीं सूचना मिलने के बाद राजस्व और नगर पालिका की टीम मौके पर भेजी गई थी। फायर ब्रिगेड द्वारा आग पर काबू पाया गया। शुरूआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।
गोदाम मालिक डब्बू अग्रवाल से मिली जानकारी के मुताबिक गोदाम में सीजन का पूरा स्टॉक था। 25 लाख से ज्यादा के नुक्सान की बात कही जा रही है।