यातायात पुलिस से उलझा युवक, राजनीतिक रसूख दिखाकर की बदतमीजी,फिर पुलिस ने उतारी हेकड़ी ! SAGAR TV NEWS
पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी तभी एक कार में ब्लैक फिल्म लगी होने पर एक रसूखदार युवक को रोका गया, तो वह पुलिस से ही बदतमीजी पर उतारू हो गया। और राजनीतिक रसूख दिखाकर जमकर बहसबाजी करने लगा। सड़क पर उसने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। लेकिन मामला बढ़ा और आखिरकार पुलिस ने युवक को हिरासत में लेते हुए उसकी सारी हेकड़ी निकाल दी। रंगदारी दिखाने के बाद सड़क पर जुलूस भी निकाला गया।
मामला नरसिंहपुर जिले के साप्ताहिक बाजार क्षेत्र का है। इस पूरी घटना का वीडियो जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है। रसूखदार युवक का कहना था की वह कार से ब्लैक फिल्म नहीं निकलवायेगा। लेकिन महिला यातायात थाना प्रभारी का कहना था की कुछ भी हो ब्लैक फिल्म तो अभी और आज ही निकलेगी। पुलिस से सरेआम बदतमीजी और बहस करना युवक को महंगा पड़ गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने पहले तो काली फिल्म हटाई इसके बाद शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार करते हुए उसका जुलूस भी निकाल दिया।
बताया गया की नरसिंहपुर के साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में यातायात थाना प्रभारी ममता तिवारी विशेष वाहन चेकिंग अभियान चला रही थीं। तभी एक काले रंग की कार को रोका गया। जिसके शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म लगी हुई थी। जांच के दौरान चालक सूरज पटेल पुलिसकर्मियों से उलझ गया और कार्रवाई का विरोध करने लगा। जबकि पुलिस के मुताबिक युवक को पहले भी काली फिल्म हटाने और नंबर प्लेट लगाने की चेतावनी दी गई थी।
लेकिन उसने निर्देशों का पालन नहीं किया। बीते दिन दोबारा पकड़े जाने पर उसने कथित तौर पर राजनीतिक पहुंच का हवाला देते हुए हंगामा किया और करीब दो घंटे तक वाहन सड़क पर खड़ा कर यातायात बाधित किया। जिसके बाद यातायात प्रभारी ममता तिवारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर सूरज पटेल को गिरफ्तार किया। पुलिस की माने तो आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट समेत अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।