होटल में रेंजर को पत्नी ने युवती के साथ पकड़ा! होटल में जमकर हुआ हंगा मा, भीड़ के बीच भागा अधिकारी
एक हाई-प्रोफाइल ड्रामे ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। एमपी के रीवा में सतना जिले में पदस्थ एक वन परिक्षेत्र अधिकारी यानी रेंजर को उनकी पत्नी ने एक होटल के कमरे में एक युवती के साथ पकड़ लिया। इसके बाद होटल परिसर में जमकर हंगामा हुआ और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के मुताबिक सतना जिले के बरौंधा सर्किल में पदस्थ रेंजर बृजेंद्र पाण्डेय सोमवार को रीवा के होटल रॉयल इन में ठहरे हुए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी को सूचना मिली कि उनके पति एक युवती के साथ होटल में मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही पत्नी सीधे होटल पहुंचीं और संबंधित कमरे तक जा पहुंचीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलते ही पत्नी ने पति से पूछा कि कमरे में और कौन है। इस पर रेंजर ने कमरे में किसी अन्य व्यक्ति के नहीं होने की बात कही। लेकिन पत्नी को शक हुआ और वह सीधे कमरे के अंदर चली गईं। वहां एक युवती को देखकर वह हैरान रह गईं। इसके बाद पत्नी युवती को कमरे से बाहर लेकर आईं और उससे सवाल-जवाब करने लगीं।
होटल परिसर में कुछ ही देर में माहौल गर्म हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और विवाद को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। बताया जा रहा है कि हंगामे के बीच रेंजर स्थिति को संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन मामला बढ़ता देख होटल से बाहर निकल गए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि पत्नी ने उनका पीछा भी किया।
इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो भी मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि यदि शिकायत मिलती है, तो तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। होटल में हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या यह मामला पुलिस तक पहुंचेगा या फिर परिवार के स्तर पर ही सुलझ जाएगा।