खुद स्कूटी चलाकर स्टेट टॉपर के घर पहुंचे मुख्यमंत्री,बधाई देते हुए रोजगार और मकान का दिया आश्वासन
कहते हैं की कड़ी मेहनत,जोश जूनून और जज़्बे से आप वह पा सकते हैं जो आप सोचते हैं। इसी तरह एक बेटी है जिसने अपने सपनों को पंख लगाते हुए पूरे मध्य प्रदेश में वो मुकाम हासिल किया की जिसकी सराहना करने खुद मुख्यमंत्री उसके घर पहुंचे। दिलचस्प बात ये थी की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसी बड़े काफिले से नहीं बल्कि बेहद सादगी से स्कूटी चलाते हुए 12 वी कक्षा में स्टेट टॉपर छात्रा के घर पहुंचे थे। जहां उसे और परिवार को बधाई दी। इसके अलावा रोजगार और मकान का भी भरोसा दिया है।
दरअसल मध्य प्रदेश बोर्ड की 12वीं कॉमर्स संकाय में चांदनी विश्वकर्मा ने प्रदेश में टॉप किया है। मुख्यमंत्री ने चांदनी, उनके माता-पिता और परिजनों से मुलाकात कर उनकी संघर्षपूर्ण यात्रा के बारे में जानकारी ली। एक कमरे के छोटे से घर में रहकर पढ़ाई करने वाली चांदनी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर प्रदेश में टॉप कर यह साबित कर दिया कि संसाधनों की कमी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती।
इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने चांदनी के माता-पिता को रोजगार उपलब्ध कराने और परिवार के लिए बेहतर आवास की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। सीएम ने कहा की प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली और मेहनती विद्यार्थियों के साथ खड़ी है वहीं ऐसे परिवारों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। सरकार पहले से ही रोजगार, कौशल विकास और किफायती आवास योजनाओं पर विशेष जोर दे रही है।
बता दें की चांदनी बेहद साधारण परिवार से है उसके पिता छोटा-मोटा कारपेंटर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वहीं उनकी मां स्कूल में सहायिका के रूप में कार्यरत हैं। बेटी की इस उपलब्धि से पूरे परिवार में जश्न का माहौल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चांदनी जैसी बेटियां मध्य प्रदेश की असली ताकत हैं।