ह्रदयघात से अधिवक्ता का हुआ निधन, समय पर इलाज और एम्बुलेंस न मिलने के आरोप ! | SAGAR TV NEWS |
न्यायालय में निरंतर सालों से अपनी सेवाएं देने वाले एक अधिवक्ता का अचानक निधन हो जाने से कोर्ट परिसर में शोक की लहर दौड़ गयी। जिसके बाद अधिवक्ताओं ने समय पर इलाज और एम्बुलेंस न मिलने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए नाराज़गी जाहिर की। मामला छतरपुर जिले के बक्सवाहा थाना क्षेत्र का है। जहां अधिवक्ता सुखदेव प्रजापति निवासी खमरिया बम्होरी का हृदयघात से निधन हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं समेत कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
दरअसल साल 2015 से मुख्यालय स्थित व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में सेवाएं दे रहे सुखदेव प्रजापति रोज की तरह न्यायालय पहुंचे थे। तकरीबन 11 बजे अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा और वह अचेत हो गए। मौके पर मौजूद अन्य साथी अधिवक्ता उन्हें न्यायाधीश के वाहन से तत्काल सामुदायिक अस्पताल ले गए। जहां मौजूद डॉक्टर ने मरीज की हालत देख दमोह रैफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
जिसके बाद साथी अधिवक्ताओं ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा की मरीज की गंभीर स्थिति के बावजूद अस्पताल में न तो समय पर प्राथमिक उपचार मिला न ही एंबुलेंस, जिसके चलते उन्हें निजी वाहन से दमोह ले जाया गया। लेकिन दमोह पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनका निधन हो गया। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ब्रजेश बिल्थरे ने आरोप लगाया की अगर अस्पताल में समय पर प्राथमिक इलाज और एंबुलेंस उपलब्ध होती तो संभवतः अधिवक्ता की जान बचाई जा सकती थी।