सागर- शव रखकर नेशनल हाईवे जाम, ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
सागर जिले की शाहगढ़ तहसील में युवक ने अपनी जीवन लीला समाप्त करने के मामले ने बड़ा रूप ले लिया है। आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मामला शाहगढ़ तहसील के छानबीला थाना क्षेत्र स्थित निवार तिगड्डा का है। जानकारी के अनुसार सोमवार को छतरपुर जिले के बक्सवाहा थाना क्षेत्र के निवार गांव में 50 वर्षीय रामसिंह लोधी ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी।
परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने रामसिंह के साथ मारपीट की थी। इतना ही नहीं, उन्हें गंभीर रूप से प्रताड़ित किया गया और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। परिजनों का दावा है कि इसी प्रताड़ना से आहत होकर रामसिंह ने यह कदम उठाया। मृतक के परिवार का कहना है कि उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी के विरोध में मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने बम्होरी पुलिस चौकी के सामने चक्काजाम किया था। उस समय प्रशासन की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया था।
लेकिन जब अगले दिन तक भी आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे परिजन और ग्रामीण एक बार फिर सड़क पर उतर आए। इस बार उन्होंने नेशनल हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए, जिससे हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
रामसिंह लोधी की मौत अब केवल अपनी जीवन लीला समाप्त करने का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह न्याय की मांग और पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवालों का मुद्दा बन चुका है। अब सबकी निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि आखिर इस मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।