तीस लाख की लूट के बाद मंदिर में 1 लाख 11 हजार दान, पूर्व आर्मी जवान निकला मास्टरमाइंड,आरोपी गिरफ्तार
करीब तीस लाख रूपये की सनसनीखेज लूट की वारदात के मामले में पुलिस ने सफलता हासिल की है। जहां चौंकाने वाली बात सामने आई। इस लूट का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि एक पूर्व आर्मी का जवान निकला है। जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रची थी और कलेक्शन एजेंट से 29 लाख 65 हजार रूपये की लूट की थी। मामला इंदौर के पंढरीनाथ थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए साढ़े 22 लाख रूपये नगदी वहीं लूट की रकम से ढाई लाख रूपये में खरीदी गयी कार भी बरामद की है। पूछताछ में सामने आया की वारदात के बाद आरोपी राजस्थान के प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचे थे। जहां 1 लाख 11 हजार रुपए का चढ़ावा भी चढ़ाया। पुलिस टीम ने कई राज्यों में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा।
गौरतलब है की बीते महीने 24 मई को पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में स्क्रैप कारोबारी मुकुल अग्रवाल की कलेक्शन एजेंसी के कर्मचारी से 29 लाख 65 हजार रुपए की लूट की घटना हुई थी। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की थी। कुछ अहम सुराग मिलने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच में पता चला की इसका मास्टरमाइंड रिटायर्ड आर्मीमैन चंद्रशेखर मुकाती था। वह सीधे तौर पर स्क्रैप कारोबारी के यहां कार्यरत नहीं था। लेकिन एक अन्य कारोबारी के यहां काम करने के दौरान उसे मुकुल अग्रवाल के कारोबार, कलेक्शन सिस्टम और रोजाना होने वाले बड़े लेनदेन की जानकारी थी।
जिसके आधार पर उसने अपने साथी प्रवीण, अमर, फिरोज और कपिल भंडारी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। आर्थिक तंगी और महंगे शौक पूरे करने आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में सामने आया की लूट के बाद आरोपी राजस्थान स्थित सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने 1 लाख 11 हजार रुपए का चढ़ावा चढ़ाया। इसके बाद आरोपी अलग-अलग राज्यों में छिपते रहे। लेकिन आख़िरकार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। जिनकी निशानदेही पर लूट की रकम से खरीदी गई करीब ढाई लाख रुपए की कार भी जब्त की गई है। पुलिस साढ़े 22 लाख नकद बरामद कर चुकी है। फ़िलहाल आगे की जांच जारी है।