दवा लेने गई बुजुर्ग महिला की मौत, शव रखकर सड़क पर लगाया जाम, इलाज में लापरवाही का आरोप
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के टीकमगढ़ जिला अस्पताल से एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। इलाज कराने पहुंची एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। मृतका की पहचान राधा अहिरवार, उम्र 60 वर्ष, निवासी ग्राम अस्तोन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, राधा अहिरवार अपने पति के साथ इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंची थीं।
आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती करने के बजाय बाहर से दवा लिख दी। दवा लेने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें चक्कर आया और वे नीचे गिर पड़ीं। इसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतका के बेटे जगभान अहिरवार ने आरोप लगाया कि अगर उनकी मां को समय पर अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया जाता, तो उनकी जान बच सकती थी। वहीं मृतका के पति सुरेश अहिरवार ने भी डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि डॉक्टरों की अनदेखी ने उनकी पत्नी की जान ले ली।
गुस्साए परिजन शव को लेकर अस्पताल चौराहे पर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान आजाद समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष संजू चौधरी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों की मांगों का समर्थन किया।
परिजन डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े रहे। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में लिया है और प्रशासन ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। जिला अस्पताल में इलाज के अभाव और लापरवाही के आरोपों ने एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद सच्चाई क्या सामने आती है और क्या पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।