करोड़ों की कार ठगी का खुलासा, किराये की गाड़ियां बेचने वाला गिरोह गिरफ्तार
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो किराये पर कारें लेकर उन्हें फर्जी तरीके से बेच देता था। अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने इस बड़े वाहन ठगी गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 20 कारें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले ट्रेवल्स एजेंसियों और निजी वाहन मालिकों से लंबी अवधि के लिए कारें किराये पर लेते थे। इसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर खुद को गाड़ी का मालिक बताते और दूर-दराज के इलाकों में इन वाहनों को बेच देते थे। कई वाहन मालिकों को तब ठगी का एहसास हुआ, जब किराये पर दी गई उनकी गाड़ियां तय समय पर वापस नहीं लौटीं। शिकायत मिलने के बाद अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह तक पहुंच गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 कारें बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह काफी संगठित तरीके से काम करता था और अब तक 15 से 20 अन्य वाहनों को भी इसी तरीके से बेचने की आशंका है। मामले में एक अन्य मुख्य आरोपी समेत कई लोगों की तलाश जारी है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों से जुड़े हैं और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। किराये की गाड़ियों को बेचकर करोड़ों की ठगी करने वाले इस गिरोह के खुलासे ने ट्रेवल्स कारोबार से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।