सागर- जीआरपी का रिटायर्ड आरक्षक साथी समेत गांजा तस्करी में गिरफ्तार, डेढ़ लाख का गांजा जप्त !
जीआरपी का रिटायर आरक्षक गांजे की तस्करी करते हुए पकड़ा गया है इसके अलावा एक अन्य आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए एक किलो 405 ग्राम गांजा बरामद किया। कार्यवाई सागर जिले के बीना थाना पुलिस ने की है। बताया जा रहा है की बीना पुलिस ने कुरवाई रोड स्थित शब्दा पुलिया के पास से गांजा की तस्करी करने वाले जीआरपी के रिटायर आरक्षक समेत दो आरोपियों को गांजे और बाइक के साथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के मुताबिक बीना थाना प्रभारी अनूप यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी की मोटर साइकिल से दो व्यक्ति शब्दा पुलिया के पास अवैध गांजा लिए हुए बेचने की फिराक में खड़े हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस हरकत में आई और तत्काल टीम मौके पर रवाना हुई। दो व्यक्ति बाइक लिए हुए खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोकल अहिरवार निवासी रगोली गांव थाना सानौधा, वहीं दूसरे ने हीरालाल अहिरवार निवासी गणेश वार्ड बीना बताया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों और बाइक की तलाशी ली। जहां बाइक की डिग्गी में एक किलो 405 ग्राम गांजा रखा हुआ था। जिसकी कुल कीमत एक लाख 40 हजार रूपए बताई जा रही है। साथ ही बाइक भी जब्त की गई। आरोपी हीरालाल अहिरवार जीआरपी में पुलिस आरक्षक के पद से रिटायर हुआ है। दोनों ही आरोपियों पर पूर्व के मामले भी दर्ज हैं।