पुष्पा स्टाइल में शराब तस्करी फेल! पिकअप के गुप्त केबिन से 91 पेटी शराब बरामद | SAGAR TV NEWS |
पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है, जो फिल्म पुष्पा की तर्ज पर शराब की सप्लाई कर रहा था। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए पिकअप वाहन में गुप्त केबिन तैयार किया था, लेकिन पवई पुलिस की सतर्कता के आगे उनकी चालाकी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। पुलिस ने 91 पेटी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला मध्यप्रदेश के सागर संभाग के पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र का है। 16 और 17 जून की दरमियानी रात थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर सलेहा रोड से पवई की ओर आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और ग्राम कैथी के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। शुरुआत में वाहन सामान्य नजर आया, लेकिन जब पुलिस ने बारीकी से जांच की तो एक बड़ा राज खुलकर सामने आया। तस्करों ने पिकअप वाहन में विशेष रूप से एक गुप्त केबिन तैयार किया था। बाहर से देखने पर यह हिस्सा सामान्य वाहन जैसा दिखाई देता था, लेकिन जब पुलिस ने उसे खोला तो अंदर बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई थी। जांच में पुलिस को 37 पेटी देसी मसाला शराब और 54 पेटी देसी प्लेन शराब मिली। कुल 91 पेटियों में लगभग 819 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत करीब 4 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने वाहन चालक प्रमोद राय, निवासी सूरजपुराखुर्द, जिला छतरपुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शराब परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 10 लाख रुपए कीमत की पिकअप गाड़ी और शराब सहित कुल लगभग 14 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और किन क्षेत्रों में सप्लाई की जानी थी। फिल्मी अंदाज में बनाई गई तस्करी की यह योजना पुलिस की मुस्तैदी के सामने धराशायी हो गई। अब पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।