Sagar- शाहगढ़ की माही ने नेशनल में लहराया परचम, एक साथ जीते 3 गोल्ड मेडल | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के शाहगढ़ की बेटी माही रावत ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छत्तीसगढ़ में आयोजित 36वीं जूनियर बालक एवं बालिका कयाकिंग-केनोइंग नेशनल चैंपियनशिप में माही ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। माही की इस उपलब्धि से शाहगढ़ सहित पूरे जिले में खुशी की लहर है। छत्तीसगढ़ में 12 जून से 14 जून 2026 तक आयोजित 36वीं जूनियर बालक एवं बालिका कयाकिंग-केनोइंग नेशनल चैंपियनशिप में देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शाहगढ़ की होनहार खिलाड़ी माही रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
माही ने पहला गोल्ड 1000 मीटर के-4 स्पर्धा में जीता। इसके बाद 500 मीटर के-4 प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 500 मीटर के-2 मिक्स इवेंट में भी गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने गोल्डन हैट्रिक पूरी कर दी। माही की इस उपलब्धि ने न सिर्फ शाहगढ़ बल्कि पूरे सागर जिले को गौरवान्वित किया है। खास बात यह है कि माही की खेल यात्रा शाहगढ़ की दुर्गा शक्ति व्यायामशाला से शुरू हुई थी। कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। माही के तीन स्वर्ण पदक जीतने की खबर मिलते ही दुर्गा शक्ति व्यायामशाला में उत्सव जैसा माहौल बन गया। खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
इस अवसर पर वाटर स्पोर्ट्स के संभागीय अध्यक्ष वीनू राणा, खेल अधिकारी प्रदीप अविंद्रा, पूर्व शिक्षक मुकेश भल्ला, दुर्गा शक्ति व्यायामशाला के अध्यक्ष मोहित भल्ला तथा जिला मल्लखंब प्रशिक्षक श्याम पाल सहित कई गणमान्य लोगों ने माही को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। माही रावत की यह सफलता साबित करती है कि छोटे शहरों और कस्बों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच पर अपना परचम लहरा सकती हैं। आज शाहगढ़ की यह बेटी हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।