हाईवे किनारे फुटपाथ धंसने से पलटा डंपर, बिजली ट्रांसफार्मर के पोल हुए टेढ़े, चालक ने कूदकर बचाई जान
सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देने के दौरान हाईवे किनारे एक बहुत बड़ी घटना होते होते टल गयी। और ड्राइवर की भी जान बच सकी। दरअसल सड़क किनारे अचानक फुटपाथ धंसने से रेत भरा एक डंपर पलट गया। जहां ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई। ये पूरी घटना मुरैना के नेशनल हाईवे 552 से सामने आई। जहां ये हादसा हुआ उसके ठीक बाजू से एक बिजली ट्रांसफार्मर लगा हुआ था।
डंपर का एक हिस्सा टकराने और रेत गिरने से बिजली पोल टेढ़े हो गए। अगर ये दूरी कम होती तो डंपर से डीपी टकरा सकती थी और बड़े हादसे से भी इंकार नहीं किया जा सकता था। बताया गया की जौरा रोड स्थित मथुरा मार्केट के पास रेत से भरा एक डंपर फुटपाथ धंसने से पलट गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची साथ ही मामले की जांच शुरू की। गनीमत की है कोई जनहानि नहीं हो पाई।
जानकारी के मुताबिक राजस्थान पासिंग रेत से भरा डंपर बैरियर चौराहा की ओर से जौरा तरफ जा रहा था। जब डंपर मथुरा मार्केट के पास पहुंचा। तभी सामने से आ रहे वाहन को रास्ता देने चालक ने डंपर को हाईवे से नीचे उतार दिया। जैसे ही भारी-भरकम डंपर के पहिए फुटपाथ पर चढ़े तो भार न संभाल पाने से अनियंत्रित होकर धंसक गया। इस दौरान ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। जहां पर घटना हुई वहां बिजली का ट्रांसफार्मर लगा हुआ था। डंपर की बॉडी का एक हिस्सा ट्रांसफार्मर के खंभे से टकरा गया। जिससे खंभा टेढ़ा हो गया। हालांकि न ट्रांसफार्मर को बड़ा नुकसान पहुंचा न ही बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इस दौरान कोई चपेट में भी नहीं आया।
मौके पर पहुंची टीम ने डंपर में भरी रेत को लेकर भी जांच शुरू कर दी है। वन विभाग टीम ने रेत नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। वहीं सिविल लाइन थाना पुलिस ने हादसे के बाद डंपर चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और दुर्घटना कारित करने की धाराओं में मामला दर्ज किया है।------