बेटी के बाद पिता की मौत, 24 घंटे में उजड़ गया परिवार, ब्लास्ट ने छीनी तीसरी जिंदगी!
एमपी के शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के गुड़र गांव में हुए भीषण ब्लास्ट ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में मौतों का आंकड़ा अब बढ़कर तीन हो गया है। पहले मासूम बेटी, फिर पड़ोसी बालक और अब पिता की मौत ने पूरे गांव को मातम में डुबो दिया है। सिर्फ 24 घंटे के भीतर तीन जिंदगियां बुझ गईं और एक परिवार बिखर गया। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गुड़र गांव में प्राण सिंह प्रजापति के घर अचानक जोरदार धमाका हुआ था। बताया जा रहा है कि उस समय उनकी पत्नी रोशनी प्रजापति घर में एलपीजी गैस चूल्हे पर नाश्ता बना रही थीं। तभी अचानक जोरदार विस्फोट हुआ और मकान की छत और दीवारें भरभराकर गिर गईं।
धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटों और धुएं ने आसपास के लोगों को दहशत में डाल दिया। घटना के समय घर में प्राण सिंह, उनकी पत्नी, चार वर्षीय बेटी जाह्नवी, डेढ़ साल का बेटा शिवा और पड़ोसी का 11 वर्षीय बेटा कल्ला आदिवासी मौजूद था। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम ने राहत कार्य शुरू किया। जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया, जहां से मासूम जाह्नवी का शव निकाला गया। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान 11 वर्षीय कल्ला आदिवासी ने दम तोड़ दिया, जबकि शाम करीब साढ़े चार बजे प्राण सिंह प्रजापति की भी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पेट्रोल-डीजल या सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। फिलहाल गांव में सन्नाटा पसरा है और हर आंख नम है।