Sagar- चाकू की नोक पर नाबालिग का अप हरण करने वाला गिरफ्तार! फरारी के बीच मदद मांगने पहुंचा, पुलिस ने दबोचा
सागर में चाकू की नोक पर नाबालिग का अपहरण करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले नाबालिग की मां पर हमला किया और फिर बच्चे को अपने साथ लेकर फरार हो गया था। वारदात का सीसीटीवी सामने आने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार फरारी के दौरान पैसों की मदद लेने पहुंचा आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गया। मामला सागर के मकरोनिया थाना क्षेत्र के बडतूमा इलाके का है। जानकारी के अनुसार 15 जून की रात आरोपी चाकू लेकर नाबालिग के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने घर में घुसकर नाबालिग की मां पर चाकू से हमला किया, जिससे वह घायल हो गईं। इसके बाद आरोपी नाबालिग को अपने साथ लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया, जिसमें आरोपी की गतिविधियां कैद हुईं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच तेज की और आरोपी की पहचान शिवांश उर्फ बिट्टू तोमर निवासी शनिचरी गोपालगंज के रूप में की। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय की गईं और मुखबिर तंत्र को भी अलर्ट कर दिया गया। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बाघराज मल्टी इलाके में अपने एक परिचित से पैसों की मदद लेने पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे धरदबोच लिया। आरोपी के कब्जे से नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और नाबालिग के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।