सागर में बड़े बदलाव की तैयारी! इंडस्ट्रियल एरिया में बन सकते हैं IT पार्क और ऑडिटोरियम
सागर शहर के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। खुरई रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया की सूरत अब बदल सकती है। विधायक शैलेन्द्र जैन और कलेक्टर प्रतिभा पाल ने संयुक्त निरीक्षण कर जर्जर और खाली पड़ी सरकारी जमीनों को नए विकास प्रोजेक्ट्स से जोड़ने की योजना पर मंथन किया। चर्चा में ऑडिटोरियम, आईटी पार्क और सिल्वर क्लस्टर जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल रहे। खुरई रोड इंडस्ट्रियल एरिया के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नक्शों के जरिए पूरे क्षेत्र का जायजा लिया। बताया गया कि मुख्य सड़क से लगी करीब 70 हजार वर्ग फीट भूमि पर मार्कफेड के पुराने गोदाम, बंद पड़ी फैक्ट्रियां, पुराना वृद्धाश्रम और अन्य जर्जर भवन मौजूद हैं।
अब इस बेशकीमती सरकारी भूमि को नए स्वरूप में विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है। निरीक्षण के दौरान विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि करीब 34 हजार वर्ग फीट क्षेत्र विकास कार्यों के लिए बेहद उपयुक्त है और यहां अत्याधुनिक ऑडिटोरियम जैसे प्रोजेक्ट तैयार किए जा सकते हैं। वहीं कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को पूरे क्षेत्र की डिजिटल मैपिंग कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। गूगल अर्थ के माध्यम से जर्जर भवनों और खाली जमीनों का रिकॉर्ड जुटाने को कहा गया है। कलेक्टर ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे सागर शहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना समय की जरूरत है। मेट्रो शहरों की तर्ज पर सागर में भी आईटी पार्क स्थापित करने की योजना युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल सकती है। इसके साथ ही शहर के विभिन्न वार्डों में खेल परिसर, सामुदायिक भवन और पार्क विकसित करने के लिए भी शासकीय जमीनों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। अब देखना होगा कि वर्षों से उपेक्षित यह क्षेत्र विकास की नई पहचान बनता है या नहीं।